Karnataka News: कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले से रविवार को दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई. भटकल क्षेत्र के पास बहने वाली थट्टे हक्कालु नदी में अचानक तेज बहाव की चपेट में आने से कम से कम 8 लोगों की जान चली गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी और मातम का माहौल बन गया. मृतकों में सात महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं.
नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गए कई लोग
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के वक्त कई लोग नदी में नहा रहे थे. इसी दौरान पानी का बहाव अचानक तेज हो गया और कई लोग उसमें बहने लगे. आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति तेजी से बिगड़ती चली गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत बचाव टीम तुरंत मौके पर पहुंच गईं. नदी किनारे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जबकि प्रशासन ने पूरे इलाके को घेरकर बचाव अभियान शुरू कर दिया.
अब भी जारी है सर्च ऑपरेशन, बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अधिकारियों ने आशंका जताई है कि हादसे में मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है. फिलहाल कुछ लोगों के अब भी लापता होने की संभावना जताई जा रही है, जिन्हें तलाशने के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. स्थानीय गोताखोरों के साथ आपदा राहत टीमों को भी अभियान में लगाया गया है. लगातार नदी के अलग अलग हिस्सों में तलाश की जा रही है ताकि लापता लोगों का जल्द पता लगाया जा सके.
अब तक 8 शव बरामद, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक 8 शव बरामद किए जा चुके हैं. राहत और बचाव दल लगातार मौके पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और तेज बहाव के दौरान नदियों और जलाशयों के आसपास सावधानी बरतें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.