Chatra News : चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मां के अवैध संबंधों से नाराज बेटे ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी प्रेमी की हत्या कर दी और शव को जंगल में दफना दिया। करीब डेढ़ महीने बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बिहड़ जंगल से नरकंकाल बरामद किया है।
मां को प्रेमी के साथ देख बेटे ने रची साजिश, बस से उतारकर की बेरहमी से हत्या
सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब ने बताया कि मृतक गुड्डू मुंडा का गांव की ही रीता देवी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला के बेटे राकेश मुंडा ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसी के बाद उसने गुड्डू को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
30 मार्च को गुड्डू मुंडा लावालौंग से पांकी जाने वाली बस में सफर कर रहा था। तभी राकेश और उसके साथियों ने मंधनिया घाटी के पास बस रोककर उसे जबरन नीचे उतार लिया। आरोपियों ने पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर मंधनिया-हाहे के बिहड़ जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को जमीन में दफना दिया गया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
डेढ़ महीने बाद पिता की शिकायत पर शुरू हुई जांच
करीब डेढ़ महीने तक गुड्डू मुंडा का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार लगातार उसकी तलाश करता रहा। 15 मई को मृतक के पिता संतोष मुंडा ने बेटे के अपहरण की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड बेटा और मां अब भी फरार
एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर हत्या में शामिल तीन आरोपियों, महेश गंझू, नितेश कुमार और कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में दफन शव को बरामद किया, जो नरकंकाल में बदल चुका था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए भेज दिया है।
हालांकि मामले का मुख्य आरोपी राकेश मुंडा और उसकी मां रीता देवी अभी भी फरार हैं। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।