Seraikela: समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में कारा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कारा सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, सीसीटीवी, जैमर, सायरन और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बंदियों को मिले स्वच्छ भोजन और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
बैठक में उपायुक्त ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि बंदियों को निर्धारित मेनू के अनुसार साफ-सुथरा और संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही शुद्ध पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं नियमित रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने जेल में नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने, दवा वितरण करने और जरूरतमंद बंदियों का समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर
उपायुक्त ने जेल परिसर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, पेड़ों की टहनियों की नियमित छंटाई कराने तथा नाली और ड्रेनेज व्यवस्था के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लान तैयार कर विभाग को भेजने को कहा। उन्होंने कारा परिसर में नियमित निगरानी, औचक निरीक्षण और प्रवेश द्वार पर सख्त जांच व्यवस्था लागू करने पर भी जोर दिया।
बिजली, अग्निशमन और रात की गश्त मजबूत करने के निर्देश
बैठक में कारा परिसर की बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने, अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच, बैरकों के निरीक्षण और रात में गश्त व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने बंदियों के पुनर्वास और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को भी लगातार संचालित करने की बात कही।
महिला बंदियों और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों की सुरक्षा को लेकर जरूरी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को खिलौने और पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराने तथा प्रतिबंधित सामानों की जेल में एंट्री रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखने को कहा। एसपी ने कारा सुरक्षा में तैनात पुलिस बल को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, उप समाहर्ता, जेल अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।