Jamshedpur News : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित गोपाल मैदान के पास सड़क हादसे के बाद घायल टाटा स्टील कर्मी से लूटपाट का मामला सामने आया है। पुलिस को जांच के दौरान अहम सुराग मिले हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी युवक की पहचान की जा रही है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में सोनारी इलाके में दबिश भी दी है।
घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। कदमा फार्म एरिया निवासी अमित तिवारी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोपाल मैदान के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचाने के बहाने युवक ने चुराए गहने और मोबाइल
घटना के बाद एक युवक मददगार बनकर सामने आया और टेंपो रुकवाकर अमित तिवारी को एमजीएम अस्पताल पहुंचाने की बात कही। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक पूरे रास्ते घायल अमित तिवारी के साथ टेंपो में बैठा रहा। इसी दौरान उसने उनके हाथ की सोने की अंगूठी, गले की चेन, मोबाइल फोन और आईडी कार्ड निकाल लिए। बाद में वह बीच रास्ते में टेंपो से उतरकर फरार हो गया।
एमजीएम अस्पताल पहुंचने के बाद जब अमित तिवारी को होश आया, तब उन्हें अपने सामान गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने टेंपो चालक के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी और बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सोनारी इलाके में पुलिस की दबिश, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपी युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।