Hazaribag Crime News: झारखंड के हजारीबाग जिले में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लोहसिंघना थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य जियाउल रहमान उर्फ मोजम्मिल (25) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से हथियार, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक वह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में था।
गुप्त सूचना के बाद बनी विशेष SIT टीम
शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में हजारीबाग एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के सदस्य किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सत्यापन और गिरफ्तारी के लिए विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व स्वयं एसडीपीओ अमित आनंद ने किया।
रोतरा गांव के पास घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई और लोहसिंघना थाना क्षेत्र के रोतरा गांव के पास घेराबंदी कर जियाउल रहमान उर्फ मोजम्मिल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पेलावल क्षेत्र के पगमिल स्थित आजाद नगर का रहने वाला बताया गया है। बरामद हथियारों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रेलवे साइडिंग में लेवी वसूली की थी तैयारी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। प्रारंभिक जांच में उसने स्वीकार किया कि वह रेलवे साइडिंग क्षेत्र में लेवी वसूली और इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में गैंग के और कौन-कौन सदस्य शामिल थे। तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच जारी है।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पहले कटकमसांडी और सदर थाना क्षेत्र से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस उसके पुराने मामलों की समीक्षा कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि संगठित अपराध, लेवी वसूली और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा फरार अपराधियों की तलाश तेज की जाएगी।