Ranchi News : झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों की लंबित मांगों को लेकर राज्य सरकार पर दबाव बढ़ाते हुए जल्द निर्णय लेने की मांग की है। एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त सचिव राकेश कुमार पाण्डेय ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर भत्तों में बढ़ोतरी, प्रमोशन में हो रही देरी और विभिन्न सेवा विसंगतियों को दूर करने की मांग उठाई है।
पत्र में कहा गया है कि पुलिस जवान और अधिकारी कठिन परिस्थितियों में लगातार ड्यूटी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें मिलने वाले भत्ते बेहद कम हैं। एसोसिएशन ने वर्दी भत्ता बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिवर्ष करने की मांग की है। वर्तमान में आरक्षी और हवलदार को 4 हजार रुपये तथा सब इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर स्तर तक 4500 रुपये प्रतिवर्ष दिए जाते हैं।
राशन, धुलाई और विशेष कर्तव्य भत्ता बढ़ाने की मांग
एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों के लिए राशन भत्ता 5 हजार रुपये प्रतिमाह और धुलाई भत्ता 1 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की है। इसके साथ ही सभी स्तर के पुलिसकर्मियों को विशेष कर्तव्य भत्ता देने की भी मांग उठाई गई है।
पत्र में तकनीकी भत्ता, प्रशिक्षण भत्ता और मेडल भत्ता लागू करने की भी मांग की गई है। एसोसिएशन का कहना है कि पुलिसकर्मियों को लगातार कठिन और जोखिम भरे वातावरण में काम करना पड़ता है, इसलिए उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।
प्रमोशन में देरी को बताया गंभीर समस्या
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने प्रमोशन में हो रही देरी को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि कई पुलिसकर्मी 20 से 25 वर्षों तक एक ही पद पर कार्यरत रहते हैं। इससे जवानों का मनोबल प्रभावित होता है।
एसोसिएशन ने राज्य सरकार से जल्द रोस्टर प्रक्रिया पूरी कर पदोन्नति देने और लंबित मांगों पर ठोस फैसला लेने का आग्रह किया है।