Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-23

Jharkhand News: पलामू में मर्डर मिस्ट्री, खेत में मिला खून से लथपथ शव, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब वैद्य बिगहा गांव के समीप आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे स्थित एक खाली खेत से करीब 49 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद हरिहरगंज थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

धारदार हथियार से हमला, फिर सिर कुचलने की आशंका
घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस को हत्या की आशंका है। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस का अनुमान है कि पहले युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया और बाद में ईंट या किसी भारी वस्तु से सिर कुचलकर उसकी हत्या की गई। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एफआईआर दर्ज, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए हरिहरगंज थाना के पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी देवब्रत पोद्दार ने बताया कि चौकीदार के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और मृतक की पहचान का पता लगाने में जुटी हुई है। साथ ही संभावित संदिग्धों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही जांच टीम
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों और प्रमुख मार्गों पर नजर रखी जा रही है। जांच टीम ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जल्द ही इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा किया जा सकता है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !