Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-22

Hazaribagh Accident: हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा, पिकअप वैन को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, बरसोल के दो युवकों की मौत

Hazaribagh: पूर्वी सिंहभूम जिले के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत भूतिया पंचायत का चंद्रपुर गांव शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे के बाद शोक में डूब गया। घाटशिला से कच्चा आम लेकर बिहार जा रही एक पिकअप वैन हजारीबाग के चरही ओवरब्रिज के पास देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वैन चालक समेत दो युवकों की मौत हो गई।

अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे एनएच-33 पर चरही ओवरब्रिज के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में चालक सोना राम सोरेन (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहचालक रविंद्र नाथ मांडी (22) गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान दूसरे युवक ने भी तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से घायल रविंद्र नाथ मांडी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रांची सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। चरही पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम
दोनों युवकों के शव गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे और मेहनत-मजदूरी व ड्राइविंग कर घर चला रहे थे।

मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
हादसे ने दो परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है। सोना राम सोरेन अपने पीछे दो साल का बेटा छोड़ गए हैं, जबकि रविंद्र नाथ मांडी की छह महीने की बेटी अब पिता के स्नेह से वंचित हो गई। गांव के लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और सरकारी मदद देने की मांग की है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !