Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर गांधी बस्ती में खुले स्थान पर बड़े पैमाने पर चल रहे जुए के अड्डे पर पुलिस ने तगड़ी छापेमारी की है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस स्थान पर कुछ लोग जुआ खेलकर भोली-भाली जनता से धोखाधड़ी, ठगी और इलाके में दहशत फैला रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने अविलंब सुनियोजित तरीके से घेराबंदी करते हुए मौके से रंगे हाथ कुल आठ व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए दबोच लिया.
छापेमारी में 35,520 रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन और 52 पीस ताश के पत्ते बरामद
पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई के दौरान जुए के फड़ से भारी मात्रा में सामग्री जब्त की गई है. गिरफ्तार किए गए सभी आठ अभियुक्तों की जामा तलाशी और मौके से पुलिस ने कुल 35,520 रुपये नकद बरामद किए हैं. इसके साथ ही जुआरियों के पास से 7 मोबाइल फोन, 52 पीस ताश के पत्ते और बैठने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक दरी को भी विधिवत जब्त किया गया है. इस पूरी छापेमारी के बाद कदमा थाना प्रभारी के स्वयं अंकित बयान के आधार पर जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
ये हैं गिरफ्तार किए गए 8 आरोपी, सोनारी, कदमा और सरायकेला के रहने वाले हैं सभी जुआरी
इस छापेमारी में पकड़े गए आरोपियों में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का मूल निवासी और वर्तमान में सोनारी ग्वाला बस्ती में रहने वाला राजन गुप्ता उर्फ राजन (32 वर्ष), सरायकेला खरसावां के चांडिल (कपाली ओ पी) निवासी राजेश कुमार तुरहा उर्फ बड़का (37 वर्ष), कदमा भाटिया बस्ती और वर्तमान सोनारी निवासी गोविंदा कुमार साह (37 वर्ष) तथा सोनारी पंचवटी नगर निवासी दीपक कुमार उर्फ दीपू (27 वर्ष) शामिल हैं. इनके अलावा कदमा भाटिया बस्ती निवासी बंटी कुमार गुप्ता (32 वर्ष), सोनारी पंचवटी नगर निवासी लालचंद तुरहा उर्फ छनछन (32 वर्ष), सोनारी झाबरी बस्ती निवासी सुखदेव सिंह (52 वर्ष) और सोनारी न्यू ग्वाला बस्ती निवासी लखन कुमार ठाकुर उर्फ आजाद ठाकुर (32 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है.