Jharkhand: झारखंड सरकार ने राज्यभर में तंबाकू सेवन के खिलाफ एक महीने का विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह अभियान 26 मई से 26 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का आयोजन विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर किया जा रहा है।
WHO की थीम पर आधारित होंगे कार्यक्रम
इस वर्ष World Health Organization (WHO) ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस की थीम “Unmask the Appeal: Countering Tobacco and Nicotine Addiction” निर्धारित की है। इसी थीम को ध्यान में रखते हुए राज्य के सभी जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रैली, नुक्कड़ नाटक और छापेमारी अभियान होंगे आयोजित
अभियान के दौरान रैली, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता शिविर और विशेष छापेमारी अभियान चलाए जाएंगे। लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास रहेगी विशेष निगरानी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्कूलों और कॉलेजों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों एवं आम लोगों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई जाएगी।
कैंसर, हृदय रोग और मधुमेह की होगी जांच
अभियान के तहत कैंसर, हृदय रोग और मधुमेह जैसी बीमारियों की जांच भी की जाएगी, ताकि लोगों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और उपचार मिल सके।
कानून उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
अभियान के दौरान COTPA-2003 और PECA-2019 कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और युवाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान से जोड़ा जाएगा।