Jamshedpur: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित नगरपालिका बाजार में यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनीष सिंह गिरोह से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार, चार देसी पिस्टल, गोली और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
रंगदारी और वर्चस्व को लेकर हुई थी फायरिंग
पुलिस के दी हुई जानकारी के अनुसार 15 मई 2026 को पांच अपराधी मैरून रंग की वैगनआर कार से यूनिक कलेक्शन दुकान पहुंचे थे। आरोप है कि अपराधियों ने रंगदारी नहीं देने और इलाके में अपना दबदबा कायम करने के उद्देश्य से दुकान पर फायरिंग की थी। इस मामले में जुगसलाई थाना में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर तौकिर आलम कर रहे थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, गुप्त सूचना और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
शिव घाट और बर्मामाइंस इलाके से हुई गिरफ्तारी
गुप्त सूचना के आधार पर 19 मई को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलू, बानेश्वर नामता उर्फ मानस और अंकित सोनकर उर्फ अंकित खटीक शामिल हैं। पुलिस ने कुछ आरोपियों को शिव घाट जुगसलाई के पास से, जबकि अन्य को बर्मामाइंस रेलवे यार्ड और गर्ल्स स्कूल रोड इलाके से पकड़ा।
आरोपियों ने पूछताछ में कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। जांच में सामने आया है कि आरोपी कुख्यात अपराधी मनीष सिंह गिरोह से जुड़े हुए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुट गई है।
भारी मात्रा में हथियार और सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से चार अवैध देसी पिस्टल, पांच जिंदा गोलियां, तीन खाली मैगजीन, एक खोखा, घटना में प्रयुक्त मैरून रंग की वैगनआर कार और छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
कई आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कई पहले से आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। राहुल सिंह उर्फ बड़कू और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के खिलाफ गोलमुरी थाना में पहले से केस दर्ज हैं। वहीं बानेश्वर नामता पर चांडिल, चौका, आरआईटी और तिरुलडीह थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज हैं। अंकित सोनकर उर्फ अंकित खटीक पर भी बर्मामाइंस और टेल्को थाना में आपराधिक केस चल रहे हैं।
छापेमारी टीम में कई अधिकारी रहे शामिल
पूरे अभियान में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर तौकिर आलम, जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खान समेत थाना के कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।