Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-16

Jharkhand News: श्री बंशीधर नगर में सड़क हादसों का कहर, दो अलग-अलग हादसों में चार की दर्दनाक मौत

Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत श्री बंशीधर नगर में शुक्रवार देर रात फोरलेन सड़क पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन भीषण दुर्घटनाओं में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे इतने भयावह थे कि एक बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पहली दुर्घटना जतपुरा गांव के समीप हुई, जबकि दूसरी घटना बभनी गांव स्थित मिट्ठू जायसवाल के धर्मकांटा के पास हुई।

दोस्त को स्टेशन छोड़ लौट रहे थे युवक, तेज रफ्तार ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, बभनी गांव के पास एक बाइक पर पांच युवक सवार होकर अपने दोस्त किशुन उरांव को ट्रेन पकड़ाने के बाद सगमा प्रखंड के कटहर गांव घूमने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय निवासी मिट्ठू जायसवाल की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अनुमंडल अस्पताल भेजा गया।

इलाज के दौरान तीन युवकों ने तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम
अस्पताल में इलाज के दौरान खरौंधी थाना क्षेत्र के सरपलिया गांव निवासी चंदन उरांव (16), मंतोष उरांव (17) और सोनू उरांव (22) की मौत हो गई। वहीं अखलेश उरांव (20) की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

डिवाइडर से टकराकर युवक की मौत
उधर दूसरी घटना जतपुरा गांव के पास हुई, जहां ठरकीया गांव निवासी राजू विश्वकर्मा (36) की मौत मौके पर ही हो गई। बताया जा रहा है कि राजू गढ़वा से काम कर लौट रहा था, तभी नींद आने से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में सोनबरसा गांव निवासी अतेंद्र कुमार (18) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !