Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-16

Green Drum Murder Case: मुंब्रा में प्रेम संबंध का खौफनाक अंत, महिला ने पति और भाई संग मिलकर प्रेमी की हत्या कर शव ड्रम में फेंका

Green Drum Murder Case: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके से एक बेहद दिल दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है. एक महीने से लापता युवक का शव हरे रंग के प्लास्टिक ड्रम में मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. जांच में खुलासा हुआ कि युवक की हत्या उसकी प्रेमिका ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर की थी. आरोपियों ने पहले युवक को बेरहमी से मार डाला और फिर शव को ड्रम में भरकर सुनसान नाले में फेंक दिया ताकि किसी को इस वारदात की भनक न लग सके.
काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था अरबाज
इस पूरे मामले की शुरुआत 3 अप्रैल 2026 को हुई थी. मुंब्रा निवासी अरबाज मकसूद अली खान घर से दादर काम पर जाने की बात कहकर निकला था. परिवार को उम्मीद थी कि वह देर शाम तक वापस लौट आएगा, लेकिन रात बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई. परिवार वालों ने रिश्तेदारों और दोस्तों से संपर्क किया, लेकिन अरबाज के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. कई दिन गुजर जाने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो उसके पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.

कॉल डिटेल्स से खुलने लगी मर्डर मिस्ट्री
गुमशुदगी की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की. पुलिस टीम ने सबसे पहले अरबाज के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स और आखिरी लोकेशन खंगाली. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अरबाज की आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में थी. पुलिस ने उसी समय सक्रिय अन्य मोबाइल नंबरों की भी जांच की. इसी दौरान पता चला कि अरबाज की प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी उसी समय वर्सोवा में मौजूद थी. इसके बाद पुलिस का शक गहराया और मेहजबीन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई. शुरुआत में मेहजबीन पुलिस को गुमराह करती रही और अलग अलग कहानियां सुनाती रही. लेकिन जब पुलिस ने उसके सामने कॉल डिटेल्स और तकनीकी सबूत रखे तो वह टूट गई और पूरे मामले का खुलासा कर दिया.

पैसे के विवाद में रची गई हत्या की साजिश
पूछताछ में मेहजबीन ने कबूल किया कि उसने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज को फंसाने और उससे मोटी रकम वसूलने की योजना बनाई थी. योजना के तहत मेहजबीन ने अरबाज को मिलने के बहाने वर्सोवा बुलाया. वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया और पैसों की मांग करने लगे. जब अरबाज ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके हाथ पैर बांध दिए. इसके बाद प्लास्टिक के मोटे पाइप से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई. आरोपियों ने तब तक हमला किया जब तक उसकी मौत नहीं हो गई.

हत्या के बाद शव को ड्रम में भरकर नाले में फेंका
हत्या करने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की साजिश रची. शव को छिपाने के लिए उसे हरे रंग के प्लास्टिक ड्रम में ठूंस दिया गया. बाद में उस ड्रम को मुंब्रा के एक सुनसान नाले में फेंक दिया गया ताकि किसी को हत्या की जानकारी न मिल सके. जब पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तो धीरे धीरे पूरी साजिश का खुलासा होता चला गया.

दो आरोपी गिरफ्तार, पति समेत दो लोग अब भी फरार
मुंब्रा पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी महिला मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. वहीं महिला का पति हसन और उनका एक अन्य साथी मुजम्मल पठान अभी भी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में डर और सनसनी का माहौल बना हुआ है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !