Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में पानी की गंभीर समस्या को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। विद्यालय में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट बना हुआ था।
पानी सप्लाई बंद, चापाकल भी हुए खराब
जानकारी के अनुसार विद्यालय में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई थी, वहीं परिसर में लगे चापाकल भी खराब पड़े थे। इसके कारण छात्राओं को दैनिक कार्यों के लिए भी पानी नहीं मिल पा रहा था। हाल ही में आए आंधी-तूफान के बाद स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे छात्राओं और शिक्षिकाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना के बावजूद नहीं हुआ था समाधान
विद्यालय प्रबंधन द्वारा शिक्षा विभाग को मामले की जानकारी दी गई थी, लेकिन समय पर समस्या का समाधान नहीं हो सका। लगातार बढ़ती परेशानी के बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा।
बीडीओ और प्रभारी अंचल अधिकारी ने किया निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला और प्रभारी अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी विद्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली।
जलमीनार और नए बोरिंग का दिया निर्देश
प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से जलमीनार निर्माण और नए बोरिंग कराने का निर्देश दिया है। फिलहाल अधिकारियों ने जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया है। अब छात्राओं और विद्यालय प्रबंधन की नजर इस बात पर टिकी है कि उन्हें पानी संकट से स्थायी राहत कब तक मिल पाती है।