Chatra News : भानु प्रताप शाही ने चतरा में हाल ही में शुरू हुए निजी ग्लोबल अस्पताल को लेकर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए पूछा कि क्या अब हर सदर अस्पताल के बगल में मंत्री की साझेदारी वाला निजी अस्पताल खोला जाएगा।उन्होंने कहा कि दो दिन पहले चतरा शहर के अव्वल मोहल्ला में ग्लोबल अस्पताल का उद्घाटन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि यह अस्पताल डॉ. सफीक के पुत्र डॉ. उमर और डॉ. हसनैन द्वारा संचालित है। साथ ही मंत्री की साझेदारी को लेकर भी चर्चा हो रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सदर अस्पताल की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा उठाया
भानु प्रताप शाही ने आरोप लगाया कि अस्पताल से करीब 500 मीटर दूर स्थित सदर अस्पताल की स्थिति खराब है, लेकिन वहां की व्यवस्था सुधारने के बजाय निजी अस्पताल के उद्घाटन को प्राथमिकता दी गई। उनका कहना है कि स्वास्थ्य मंत्री ने सदर अस्पताल का निरीक्षण करने के बजाय सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर औपचारिकता पूरी की।
पूर्व विधायक ने सवाल उठाया कि क्या सरकारी अस्पतालों की अनदेखी कर इसी तरह निजी अस्पतालों को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से चतरा पहुंचकर खुद हालात देखने की अपील भी की। साथ ही कहा कि जब भी वह ऐसे मुद्दे उठाते हैं तो उन पर राजनीतिक आरोप लगाए जाते हैं।