Adityapur: आदित्यपुर और गम्हरिया रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे सिग्नल गुमटी में बीते 9 मई 2026 की रात चोरी की घटना सामने आई थी। अपराधियों ने गुमटी में सेंधमारी कर वहां लगे तड़ित चालक (Lightning Arrester) और करीब 10 मीटर कीमती कॉपर वायर चोरी कर ली थी। इस घटना से रेलवे सिग्नलिंग प्रणाली और रेल परिचालन की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो गया था।
आरपीएफ और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई
घटना के बाद आरपीएफ और क्राइम ब्रांच की टीम लगातार जांच में जुटी हुई थी। तीन दिनों तक खुफिया सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर आदित्यपुर आरपीएफ और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया।
चोरी के माल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
बीती रात छापेमारी के दौरान टीम ने दो शातिर चोरों को चोरी के सामान के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज महतो और राकेश महतो के रूप में हुई है। दोनों आरोपी विद्युत नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों का विभिन्न थानों में पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।
रेल न्यायालय में पेश, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
आरपीएफ आदित्यपुर के निरीक्षक अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने दोनों आरोपियों को रेल न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में घाघीडीह केंद्रीय कारागार भेज दिया गया है।