Ranchi News : एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की विशेष अदालत में रिम्स जमीन फर्जीवाड़ा मामले में जेल में बंद आरोपी राजकिशोर बरैक और कार्तिक बरैक की जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीबी से केस डायरी तलब की है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 22 मई को निर्धारित की गई है।जानकारी के अनुसार एसीबी ने 7 अप्रैल 2026 को इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार लोगों में राजकिशोर बड़ाइक, कार्तिक बड़ाइक, राजेश झा और चेतन कुमार शामिल हैं।
फर्जी वंशावली बनाकर जमीन पर कब्जे का आरोप
एसीबी की जांच में सामने आया है कि सभी आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से रिम्स की अधिग्रहीत जमीन को निजी संपत्ति साबित करने की साजिश रची थी। जांच एजेंसी के अनुसार जमीन पर दावा मजबूत करने के लिए फर्जी वंशावली तैयार की गई थी। इसी आधार पर सरकारी जमीन को निजी बताते हुए उस पर कब्जा किया गया।
हाई कोर्ट के निर्देश पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामले में झारखंड हाई कोर्ट के निर्देश के बाद एसीबी ने 5 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की थी। पूरा मामला वर्ष 1964-65 में रिम्स के लिए अधिग्रहीत करीब 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि इस जमीन पर अवैध कब्जा कर अपार्टमेंट, दुकान और मकान बना लिए गए थे।