NEET UG Paper Leak Case: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले में दूसरी बड़ी गिरफ्तारी करते हुए महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से धनंजय लोखंडे नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, धनंजय इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क की एक अहम कड़ी माना जा रहा है।
आरोपी छात्र को पहले ही उपलब्ध कराया गया था पेपर और उत्तर
CBI की शुरुआती जांच में सामने आया है कि धनंजय लोखंडे ने नासिक से गिरफ्तार आरोपी छात्र शुभम खैरनार को परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र और उसके उत्तर उपलब्ध कराए थे। सूत्रों के अनुसार, धनंजय बिचौलियों और मुख्य मास्टरमाइंड के बीच संपर्क का काम कर रहा था। अब जांच एजेंसी उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर आखिर उसके पास कहां से पहुंचा और इस रैकेट में कितने लोग शामिल हैं।
राजस्थान पुलिस के इनपुट पर हुई शुभम खैरनार की गिरफ्तारी
इससे पहले मंगलवार को राजस्थान पुलिस की सूचना पर नासिक पुलिस ने शुभम खैरनार को हिरासत में लिया था। बाद में उसे राजस्थान पुलिस को सौंप दिया गया, जहां से आरोपी को आगे की जांच के लिए CBI के हवाले कर दिया गया। नासिक शहर के DCP किरण कुमार चव्हाण ने बताया कि राजस्थान पुलिस ने सुबह मदद मांगी थी, जिसके बाद नासिक क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए इंदिरा नगर इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पहचान छिपाने के लिए बदला था हुलिया, फिर भी पुलिस ने दबोचा
DCP किरण कुमार चव्हाण के अनुसार, आरोपी शुभम खैरनार ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेयरस्टाइल और पहनावा बदल लिया था, जिससे शुरुआत में उसे पहचानना मुश्किल हो रहा था। हालांकि, तकनीकी इनपुट और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले कुछ वर्षों से मध्य प्रदेश के भोपाल में पढ़ाई कर रहा था और फिलहाल उसे नासिक में हिरासत में रखा गया है।