Ramgarh: रामगढ़ पुलिस ने अवैध शराब माफियाओं की कमर तोड़ते हुए एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। गोला थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रही एक नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में शराब, स्प्रिट और नामी कंपनियों के फर्जी स्टीकर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बंद मकान में चल रहा था अवैध धंधा, एसआईटी ने दी दबिश
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोला के ऊपर खखरा टोला (पत्थलगढ़ा) में एक बंद मकान को शराब बनाने की फैक्ट्री के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसपी के निर्देश पर डीएसपी चंदन वत्स के नेतृत्व में एक विशेष टीम (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने जब वहां छापेमारी की, तो मौके से मनोज मुर्मू और भदरू सिंह को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
भारी मात्रा में सामान जब्त, 40 हजार फर्जी लेबल बरामद
छापेमारी के दौरान जो सामान बरामद हुआ है, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। अपराधियों ने पूरी फैक्ट्री सेटअप कर रखी थी:
- शराब और स्प्रिट- लगभग 250 पेटी तैयार विदेशी शराब, 1800 लीटर खुली शराब और 1600 लीटर स्प्रिट।
- पैकेजिंग सामग्री- 40 हजार फर्जी लेबल, 20 हजार ढक्कन और 20 हजार खाली बोतलें।
- वाहन- शराब सप्लाई में इस्तेमाल होने वाली एक पिकअप वैन और दो मोटरसाइकिल।
नकली होलोग्राम से देते थे असली का झांसा
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी स्प्रिट और केमिकल मिलाकर नकली शराब तैयार करते थे और उन पर ब्रांडेड कंपनियों के फर्जी होलोग्राम और स्टीकर लगा देते थे। इससे आम ग्राहक असली और नकली का फर्क नहीं कर पाते थे। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे इस शराब को रामगढ़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों में खपाते थे।
पुलिस की चेतावनी, जारी रहेगी छापेमारी
गोला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और शराब की सप्लाई लेने वाले दुकानदारों की तलाश में जुटी है। रामगढ़ पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी और सख्ती से जारी रहेगा।