Jharkhand News: झारखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला है. धनबाद के कुख्यात प्रिंस खान के वायरल वीडियो का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि अब अपराधी ही पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं.
बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सामान्य तौर पर पुलिस अपराधियों का पर्दाफाश करती है, लेकिन झारखंड में स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है. उनके अनुसार अब कुख्यात ही पुलिस के कथित कामकाज और व्यवस्था पर खुलकर आरोप लगा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि प्रिंस खान का वायरल वीडियो केवल पुलिस को चुनौती देने वाला मामला नहीं है, बल्कि यह राज्य खासकर धनबाद की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है.
मरांडी ने आरोप लगाया कि धनबाद में अपराध और दहशत का माहौल बढ़ता जा रहा है. उन्होंने कहा कि व्यापारियों और आम लोगों के बीच भय का माहौल है और लोगों का प्रशासन पर भरोसा कमजोर पड़ रहा है.
नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस अधिकारियों की पोस्टिंग को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब संवेदनशील जिलों में पदस्थापन को लेकर पैसों के लेन-देन की चर्चाएं होने लगें, तो जनता का सिस्टम से विश्वास डगमगाना स्वाभाविक है.
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की. मरांडी ने कहा कि यदि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो झारखंड में हालात और ज्यादा खराब हो सकते हैं.