Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-23

Hazaribagh Crime News: हजारीबाग में दिनदहाड़े लूट, बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे व्यक्ति से बदमाशों ने छीने 2 लाख रुपये

Hazaribagh: हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक दुस्साहसिक लूट की घटना को अंजाम दिया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। यह घटना बकसपुरा स्थित बड़की तालाब के पास की बताई जा रही है, जहां सुनसान इलाके का फायदा उठाते हुए बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को निशाना बनाया और उससे नकदी लूटकर फरार हो गए।

बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे थे पीड़ित
मिली जानकारी के अनुसार बकसपुरा पंचायत निवासी दामोदर सिंह ने इस मामले में विष्णुगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह बनासो स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से दो लाख रुपये निकालकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। निकाली गई राशि को उन्होंने बाइक की डिक्की में सुरक्षित रख लिया था और सामान्य रूप से अपने घर की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया।

ओवरटेक कर रोका, मारपीट के बाद लूट की वारदात
दामोदर सिंह के मुताबिक जैसे ही वे बड़की तालाब के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर जबरन रोक लिया। इसके बाद दोनों बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए उनकी बाइक की चाबी छीन ली। फिर डिक्की खोलकर उसमें रखे दो लाख रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। इस दौरान डिक्की में रखे बैंक पासबुक और चेकबुक भी बदमाश अपने साथ ले गए।

पीछा करने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित ने आशंका जताई है कि अपराधी बैंक से ही उनका पीछा कर रहे थे और पूरी घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है। घटना की सूचना मिलते ही विष्णुगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है और बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !