Ranchi News : प्रॉपर्टी अटैचमेंट से जुड़े मामले में एसएसपी को झारखंड हाईकोर्ट में पेश होना पड़ा। मामला कंज्यूमर फोरम, गुमला के आदेश के पालन में लापरवाही से जुड़ा है, जिसमें पुलिस की भूमिका पर सवाल उठे थे।हाईकोर्ट में पेश होकर एसएसपी ने बताया कि संबंधित बिल्डर की एक संपत्ति अटैच कर ली गई है, जबकि दूसरी संपत्ति को भी जल्द अटैच करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसे मामलों में कोर्ट के आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
थाना स्तर पर सहयोग नहीं मिलने पर कोर्ट ने लिया संज्ञान
जानकारी के अनुसार, कंज्यूमर फोरम, गुमला ने एक बिल्डर की रांची स्थित दो संपत्तियों को अटैच करने का वारंट जारी किया था। लेकिन सुखदेव नगर थाना और सदर थाना स्तर पर इस आदेश के पालन में सहयोग नहीं किया गया, यहां तक कि वारंट लेने से भी इनकार किया गया। इस पर हाईकोर्ट ने गंभीर रुख अपनाते हुए एसएसपी को तलब किया।
फ्लैट नहीं मिलने पर उपभोक्ता ने की थी शिकायत
मामला उस समय सामने आया जब एक उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि बिल्डर ने फ्लैट देने में टालमटोल की और कंज्यूमर फोरम के आदेश के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही थी। याचिकाकर्ता ने पुलिस पर भी आदेश लागू नहीं करने और मिलीभगत का आरोप लगाया था।
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि भविष्य में न्यायिक आदेशों के पालन में किसी तरह की लापरवाही न हो।