Jharkhand News: झारखंड में अवैध अफीम की खेती और मादक पदार्थो की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस महकमा अब निर्णायक मोड में नजर आ रहा है. इसी कड़ी में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने राज्य स्तर पर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाने का निर्णय लिया है, जिसमें अब तक की कार्रवाई और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी.
अवैध खेती पर कार्रवाई की समीक्षा, जमीनी अभियान पर फोकस
इस बैठक में राज्य के दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों में चल रहे अवैध अफीम खेती उन्मूलन अभियान की प्रगति का आकलन किया जाएगा. पुलिस अधिकारियों से यह रिपोर्ट ली जाएगी कि अब तक कितनी जमीन पर अफीम की खेती नष्ट की गई और किन इलाकों में अब भी कार्रवाई की जरूरत है. साथ ही, स्थानीय स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों और उन्हें दूर करने के उपायों पर भी चर्चा होगी, ताकि अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके.
तस्करी पर सख्ती और नई रणनीति, वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा के साथ भविष्य की रणनीति भी तय की जाएगी. यह उच्च स्तरीय बैठक डीजीपी की अध्यक्षता में आयोजित होगी, जिसमें रांची के एसएसपी समेत चतरा, पलामू, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला, हजारीबाग, लातेहार और खूंटी के पुलिस अधीक्षक शामिल होंगे. अधिकारियों के बीच समन्वय बढ़ाकर राज्य में नशे के नेटवर्क को तोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा.