Jamshedpur: जमशेदपुर समेत पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। इसी को लेकर जमशेदपुर अभिभावक संघ ने झारखंड के मुख्यमंत्री, उपायुक्त एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर स्कूलों के संचालन समय में बदलाव की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि वर्तमान में जिले का तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक और बढ़ोतरी की संभावना जताई है।
दोपहर की कक्षाएं बच्चों के स्वास्थ्य पर असर डाल रहीं
अभिभावक संघ का कहना है कि फिलहाल स्कूलों की कक्षाएं दोपहर 1:30 बजे तक चल रही हैं, जबकि इसी समय तापमान अपने उच्चतम स्तर पर होता है। ऐसे में तेज गर्मी और हीटवेव जैसी स्थिति बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके बीमार पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
सुबह की पाली में स्कूल चलाने की मांग
अभिभावक संघ के अध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार ने मांग की है कि सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों का समय बदलकर सुबह 6:30 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक कर दिया जाए। उनका कहना है कि इससे बच्चों को तेज धूप और लू के प्रभाव से बचाया जा सकेगा और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।
प्रशासन से शीघ्र निर्णय की अपील
संघ ने प्रशासन से इस विषय पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है, ताकि बढ़ती गर्मी के बीच बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अभिभावकों का मानना है कि समय पर उचित कदम उठाना बहुत जरूरी है, जिससे किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या से बचाव किया जा सके।