Chatra News: चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कोबना गांव में एक युवती ने अपनी सगाई से पहले आत्मघाती कदम उठाकर सनसनी फैला दी. 24 वर्षीय नेहा कुमारी ने गुरुवार की रात अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. चौंकाने वाली बात यह है कि नेहा ने सुसाइड करने से ठीक पहले अपने प्रेमी सोनू कुमार को वीडियो कॉल किया था. प्रेमी ने अपनी आंखों के सामने नेहा को फंदे से झूलते हुए देखा, जिसके बाद उसने परिजनों को सूचित किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
29 अप्रैल को होने वाली थी सगाई
नेहा और गिरिडीह निवासी सोनू कुमार के बीच पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों की पसंद को देखते हुए परिजनों ने इस रिश्ते पर मुहर लगा दी थी और आगामी 29 अप्रैल को सगाई की तारीख तय की गई थी. शादी की तैयारियों के बीच इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया है. घटना के वक्त परिवार के अन्य सदस्य घर के दूसरे कमरों में थे. सबसे पहले नेहा के छोटे भाई ने उसे फंदे से लटका देखा, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई.
परिजनों ने प्रेमी सोनू पर लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
मृतका के परिजनों ने प्रेमी सोनू कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे मानसिक प्रताड़ना का मामला बताया है. नेहा के चाचा धर्मेंद्र पांडेय के अनुसार, सगाई पक्की होने के बाद से ही सोनू अक्सर नेहा पर शक करता था और उसे छोटी-छोटी बातों के लिए परेशान करता था. परिजनों का दावा है कि नेहा के मोबाइल में इस मानसिक प्रताड़ना और लाइव सुसाइड से जुड़े पुख्ता सबूत मौजूद हैं, जो उसकी आत्महत्या की मुख्य वजह हो सकते हैं.
पुलिस ने युवती का मोबाइल किया जब्त
सूचना मिलते ही हंटरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एएसआई वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और प्रताड़ना से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने नेहा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स व वीडियो की फॉरेंसिक जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मोबाइल की जांच के बाद ही मौत की असली वजह और सोनू की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.