Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग और जबरन शराब ले जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को आदित्यपुर निवासी निशांत झा ने गम्हरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि छोटा गम्हरिया केनिफागढ़ स्थित अवैध शराब दुकान के पास कुछ लोगों ने फायरिंग की और जबरन शराब ले गए। इस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4)/352/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)/26 के तहत मामला दर्ज हुआ।
एसआईटी गठन के बाद तेज हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गम्हरिया थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस की सक्रियता के कारण मामले का जल्द खुलासा संभव हो सका।
आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मयंक बारी उर्फ गुड्डू (उम्र लगभग 31 वर्ष), निवासी टोलब्रिज रोड नंबर-06, आदित्यपुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक देशी सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और एक मैगजीन बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। आदित्यपुर थाना में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है और इस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।