Jamshedpur News: जमशेदपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच टाटा स्टील के न्यू R&D प्रोजेक्ट में ठेका कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया. अलग-अलग वेंडरों के तहत काम करने वाले 500 से अधिक कर्मचारियों ने शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे से काम बंद कर दिया. बारिश के बावजूद कर्मचारी छाता और रेनकोट लेकर प्रोजेक्ट के मुख्य गेट के बाहर डटे रहे. कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और हड़ताल शुरू कर दी.
साइकिल कुचलने के बाद गेट बंद करने का मामला
प्रदर्शनकारी कर्मचारी संजय बेसरा के मुताबिक, एक दिन पहले परिसर के अंदर पार्किंग में खड़ी दो साइकिलों को एक ट्रेलर ने कुचल दिया था. हादसे में दोनों साइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.
इसके बाद प्रबंधन की ओर से वाहनों की एंट्री बंद कर मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया.
दो साल से डबल ओवरटाइम नहीं मिलने का दावा
कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले करीब दो वर्षों से न्यू R&D साइट पर काम कर रहे हैं. उनका आरोप है कि टाटा स्टील के नियमों के अनुसार मिलने वाला डबल ओवरटाइम भुगतान उन्हें नहीं दिया जा रहा है. इसी के साथ कर्मचारी कैंटीन, टॉयलेट और सुरक्षित पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी मांग कर रहे हैं.
लिखित आश्वासन मिलने तक हड़ताल जारी रखने की बात
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा है कि केवल मौखिक बातचीत से वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे. उनका कहना है कि कैंटीन, टॉयलेट, पार्किंग और डबल ओवरटाइम को लेकर प्रबंधन से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही आगे की स्थिति पर फैसला लिया जाएगा. मूसलाधार बारिश के बीच भी कर्मचारी गेट के बाहर डटे हुए हैं.
मौके पर पहुंचा प्रबंधन
विवाद की जानकारी मिलने के बाद प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत शुरू की. अधिकारियों की ओर से प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों से वार्ता कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी है और प्रबंधन के साथ बातचीत के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.