Gamharia: गम्हरिया थाना क्षेत्र के शिवनगर कॉलोनी में पिछले 5-6 दिनों से हो रही लगातार चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग अपने घरों में भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। रविवार शाम करीब 5 बजे कॉलोनी के बड़ी संख्या में लोग गम्हरिया थाना पहुंचे और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
पानी मांगने के बहाने देते हैं वारदात को अंजाम
स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में 10 से 12 लोगों का एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो हथियारों के साथ वारदात को अंजाम देता है। यह गिरोह बहुत शातिर तरीके से घरों के पास पहुंचता है और पानी मांगने जैसे बहाने बनाकर घर की स्थिति का जायजा लेता है, जिसके बाद मौका पाकर चोरी कर लेता है। चोरी की घटनाओं में घरेलू सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ-साथ सीमेंट की बोरियां और अन्य सामग्री भी शामिल हैं। लोगों का कहना है कि पहले यह गिरोह औद्योगिक इकाइयों को निशाना बनाता था, लेकिन अब रिहायशी इलाकों में सक्रिय हो गया है।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार हो रही घटनाओं के कारण कॉलोनीवासियों ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हाल के दिनों में छोटा गम्हरिया स्थित शराब दुकान में हथियार लहराने की घटना और उषा मोड़ पर एक दुकान में घुसकर बिना पैसे दिए सामान लेने व 1500 रुपये की मांग करने जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं ने लोगों में असुरक्षा की भावना को और बढ़ा दिया है।
पुलिस की कार्यशैली पर भी नाराजगी
कुछ स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी रामचंद्र रजक की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि थाने में पदस्थ कुछ पुलिसकर्मियों की मिलीभगत के कारण अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं। इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर संबंधित पुलिसकर्मियों और दरोगा के मोबाइल की जांच कराने की मांग भी की गई है।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग, पुलिस ने लिया संज्ञान
फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संज्ञान लिया है। शिवनगर कॉलोनी के लोगों ने मांग की है कि इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाई जाए और सक्रिय चोर गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बहाल हो सके।