Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित इंडो डेनिश टूल रूम में सोमवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब सैकड़ों छात्र अचानक उग्र होकर प्रदर्शन करने लगे। गुस्साए छात्रों ने संस्थान के मुख्य गेट को जाम कर दिया और शिक्षकों व कर्मचारियों के प्रवेश पर रोक लगा दी। देखते ही देखते परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बन गई और पूरे संस्थान का कामकाज प्रभावित हो गया।
प्लेसमेंट इंचार्ज के समर्थन में उतरे छात्र
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि प्लेसमेंट इंचार्ज सुमित कोली अपने कार्यों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर रहे थे और छात्रों के प्लेसमेंट में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में उनका अचानक ट्रांसफर किया जाना छात्रों को स्वीकार नहीं है। छात्रों ने साफ तौर पर प्रबंधन से ट्रांसफर आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की है और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
समझाने पहुंचे सुमित कोली, लेकिन नहीं माने छात्र
बढ़ते विरोध को देखते हुए सुमित कोली खुद छात्रों के बीच पहुंचे और हाथ जोड़कर उनसे शांति बनाए रखने तथा आंदोलन खत्म करने की अपील की। हालांकि, छात्रों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। छात्रों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक ट्रांसफर आदेश वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
प्रबंधन चुप, पुलिस तैनात
इस पूरे मामले पर संस्थान प्रबंधन ने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। हालांकि सूत्रों के अनुसार, सुमित कोली का ट्रांसफर शीर्ष प्रबंधन के निर्देश पर किया गया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए बल तैनात कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक छात्र संस्थान परिसर में डटे हुए थे और प्रदर्शन जारी था।