Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-11

Jharkhand News: नेतरहाट विद्यालय में बदलाव, अब बेटियों को भी मिलेगा दाखिला, “JAC” लेगा प्रवेश परीक्षा

Jharkhand News: नेतरहाट आवासीय विद्यालय की पुरानी नियमावली को निरस्त कर राज्य सरकार ने "नेतरहाट आवासीय विद्यालय प्रबंधन एवं संचालन नियमावली, 2026" लागू कर दी है. इस ऐतिहासिक फैसले के तहत अब विद्यालय में छात्राओं का भी नामांकन होगा, जिनके लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं. साथ ही, अगले तीन वर्षों में विद्यालय की सीटों की संख्या को दोगुना और पांच वर्षों में तिगुना करने का प्रावधान किया गया है. इससे पहले आखिरी बार वर्ष 1982 में सीटें बढ़ाई गई थीं. यह कदम राज्य की मेधावी बेटियों को देश के इस नामी संस्थान में शिक्षा पाने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा.

अब विद्यालय प्रबंधन नहीं, झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) आयोजित करेगा परीक्षा
नामांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए अब प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) को सौंपी गई है. नई नियमावली के अनुसार, सत्र 2026-27 से जैक द्वारा प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा (दो चरणों में) आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ (Objective) होंगे. परीक्षा के सिलेबस और प्रारुप को तैयार करने के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक की अध्यक्षता में एक विशेष कमेटी बनाई गई है. वर्तमान सत्र (2025-26) के नामांकन विद्यालय प्रबंधन द्वारा पहले ही पूरे किए जा चुके हैं, इसलिए नए नियम अगले शैक्षणिक सत्र से प्रभावी होंगे.

चार निकायों के जरिए होगा संचालन, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री संभालेंगे कमान
विद्यालय के बेहतर प्रबंधन के लिए अब चार अलग-अलग कमेटियों का गठन किया जाएगा. मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में “एपेक्स बॉडी” और शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में “सामान्य निकाय” विद्यालय के नीतिगत निर्णय लेंगे. इसके अलावा, एक कार्यकारिणी समिति होगी जिसका सभापति विद्यालय का कोई पूर्ववर्ती छात्र (10 वर्ष का अनुभव अनिवार्य) होगा, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन मंगाए जाएंगे. प्राचार्य की अध्यक्षता में एक विद्यालय प्रबंध समिति भी कार्य करेगी. सरकार ने शिक्षक और कर्मचारियों की नियुक्ति व सेवाशर्तों के लिए भी नई नियमावली 2026 अधिसूचित कर दी है, जिससे संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता में बड़े सुधार की उम्मीद है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !