Jamshedpur: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने खौलती चाय फेंके जाने की घटना में गंभीर रूप से घायल हुई युवती मेहंदी के इलाज को लेकर बड़ा आश्वासन दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि बिटिया के इलाज में पैसों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और जब तक वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाती, तब तक उसका इलाज लगातार जारी रहेगा। इस मामले में उन्होंने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए हर संभव सहयोग देने की बात कही है।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी, टाटा स्टील प्रबंधन से भी की बात
सरयू राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि मेहंदी के चेहरे पर खौलती चाय फेंकने की घटना बहुत दुखद है और उसके इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने बताया कि टाटा स्टील प्रबंधन से बात करने के बाद यह सुनिश्चित किया गया है कि टाटा मेन हॉस्पिटल में बिल बकाया रहने के बावजूद भी इलाज जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि इलाज का जो भी खर्च बकाया रहेगा, उसकी व्यवस्था वे अपने स्तर से करेंगे। इस पहल को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आ रही है।
घटना के बाद तुरंत सक्रिय हुए विधायक, अस्पताल भेजी टीम
घटना के अगले ही दिन सरयू राय ने अपने जनसुविधा प्रतिनिधि नीरज सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और महानगर अध्यक्ष अजय कुमार समेत अन्य लोगों को अस्पताल भेजा था। उन्होंने निर्देश दिया था कि घायल बच्ची के इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी स्थिति की जानकारी ली जाए। उनके निर्देश पर टीम ने अस्पताल पहुंचकर मेहंदी के इलाज की स्थिति का जायजा लिया और पूरी रिपोर्ट विधायक को दी।
पहले भी दिखा चुके हैं मानवीय संवेदनशीलता
यह पहली बार नहीं है जब सरयू राय ने इस तरह मानवीय पहल दिखाई हो। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वे कई बार बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों की मदद करते नजर आए हैं। इस मामले में भी उन्होंने राजनीति से ऊपर उठकर इंसानियत के आधार पर मदद का हाथ बढ़ाया है, जिसकी सराहना हर तरफ हो रही है।