Jamshedpur News: झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा आगामी रविवार (12 अप्रैल) को आयोजित की जाएगी. पूर्वी सिंहभूम जिले में इसके लिए कुल 77 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 75 केंद्र शहर में और 2 ग्रामीण क्षेत्रों (गालूडीह व गितिलता) में स्थित हैं. इस परीक्षा में कुल 36,260 अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा तीन पालियों में होगी, पहली पाली सुबह 8.30 से 10.30, दूसरी 11.30 से 1.30 और तीसरी दोपहर 3.30 से 5.30 बजे तक चलेगी. परीक्षार्थियों को सुबह 7 बजे ही केंद्रों पर रिपोर्ट करना होगा और पहली पाली के बाद किसी को भी केंद्र से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
सुरक्षा का कड़ा घेरा: मजिस्ट्रेट और फ्लाइंग स्क्वाड तैनात
शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और एसएसपी ने संयुक्त आदेश जारी कर 193 मजिस्ट्रेट और भारी संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है. इनमें 77 स्टैटिक, 77 पेट्रोलिंग और 29 फ्लाइंग स्क्वाड मजिस्ट्रेट शामिल हैं. गुरुवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में आयोजित ब्रीफिंग में उपायुक्त और ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा में कोई चूक न हो. सभी केंद्रों पर गहन शारीरिक जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी के साथ परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी दर्ज की जाएगी.
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध, उड़ेगी सख्ती
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर या किसी भी प्रकार के नोट्स और बैग ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. एडीएम लॉ एंड ऑर्डर और एसडीओ धालभूम ने व्यापक प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मुस्तैद रहने को कहा है. ग्रामीण एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि बिना सघन चेकिंग के किसी भी परीक्षार्थी को अंदर जाने न दें. इस परीक्षा को लेकर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की धांधली या अव्यवस्था को रोका जा सके.