Bihar News : सासाराम में विभिन्न मांगों को लेकर वाम दलों के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान सड़क पर जाम लगने से तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान एक ऑटो में सवार दो महिलाओं और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट तक की नौबत आ गई।
समाहरणालय के सामने कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल
जानकारी के अनुसार, समाहरणालय के समक्ष भगत सिंह छात्र नौजवान सभा द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था, जिससे सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। इसी दौरान ऑटो में सवार दो महिलाएं वहां पहुंचीं और जाम से नाराज होकर प्रदर्शनकारियों से उलझ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों महिलाएं ऑटो से उतरकर प्रदर्शन कर रहे कुछ युवकों पर चप्पलों से हमला करने लगीं। इस दौरान ऑटो चालक के साथ भी हाथापाई की गई। बीच सड़क पर हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई और लोग दंग रह गए।
कुछ देर बाद मौके पर मौजूद लोगों ने समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद दोनों महिलाएं दोबारा ऑटो में सवार होकर वहां से निकल गईं। यह पूरी घटना सासाराम के नगर थाना क्षेत्र स्थित समाहरणालय के ठीक सामने की बताई जा रही है।