Saraikela: जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों को लेकर सरायकेला प्रखंड कार्यालय सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार आयोजित यह प्रशिक्षण 8 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना से जुड़े प्रारंभिक कार्यों को व्यवस्थित, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है।
विभिन्न प्रखंडों के अधिकारी और ट्रेनर्स ले रहे भाग
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर परिषद और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी-सह-चार्ज जनगणना पदाधिकारी के साथ नामित फील्ड ट्रेनर्स हिस्सा ले रहे हैं। राज्य स्तर के मास्टर ट्रेनर एमडी तासिकुर रहमान और अविनाश ठाकुर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। इस दौरान मकान सूचीकरण, मकानों की गणना और जनगणना प्रक्रिया से जुड़े तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
शंकाओं का समाधान कर दी जा रही व्यवहारिक जानकारी
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे जा रहे सवालों का समाधान भी किया जा रहा है, ताकि फील्ड में कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि गणना कार्य पूरी निष्पक्षता और स्पष्टता के साथ किया जाए। साथ ही प्रतिभागियों को व्यवहारिक परिस्थितियों के अनुरूप भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे देंगे अन्य कर्मियों को प्रशिक्षण
आज जिला स्तर पर नामित फील्ड ट्रेनर्स ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। यही प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे प्रखंड और नगर क्षेत्रों में प्रगणकों तथा पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। कार्यशाला के दौरान अपर जिला जनगणना पदाधिकारी कमलेश कुमार दास समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।