Ranchi: रांची जिले के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र स्थित मुंडाधौड़ा गांव में गुरुवार सुबह अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक पर सवार अज्ञात बदमाशों ने एक घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सुबह करीब 6 बजे हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो अपराधी मोटरसाइकिल से पहुंचे, नसीम खान के घर के बाहर रुके और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस अप्रत्याशित घटना से आसपास के लोग सहम गए और कुछ देर तक इलाके में भय का माहौल बना रहा।
परिवार दहशत में, पुरानी रंजिश से किया इनकार
नसीम खान, जो पेशे से ड्राइवर हैं। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी या विवाद की जानकारी नहीं है। घटना के बाद उनका पूरा परिवार डर और तनाव में है। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई करते हुए हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की है, ताकि परिवार को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।
पुलिस कई पहलुओं से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, वहीं इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस हमलावरों के भागने के रास्ते, इस्तेमाल की गई बाइक और उनकी पहचान से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है। अधिकारियों के अनुसार रंगदारी और व्यक्तिगत दुश्मनी, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।