Gumla: झारखंड के गुमला जिले में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शहर के बाजारटांड़ इलाके में करीब रात 1 बजे अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। रात के सन्नाटे में उठती ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
मुर्गी और कबाड़ी दुकान पूरी तरह नष्ट
इस आगजनी में एक मुर्गी दुकान और एक कबाड़ी दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई। मुर्गी विक्रेता मोहम्मद गुड्डू की दुकान में मौजूद करीब 150 मुर्गियां और 70 बत्तख आग में झुलसकर मर गईं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
वहीं, सब्बू खान की कबाड़ी दुकान में रखा सारा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। दोनों दुकानदारों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने खुद संभाला मोर्चा
आग लगते ही आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। पास के प्याऊ से पानी लाकर करीब एक घंटे तक लगातार कोशिश की गई, जिसके बाद आग को आंशिक रूप से काबू में किया जा सका। इससे आग अन्य दुकानों तक फैलने से बच गई।
फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर पाया काबू
घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम रात करीब 2:20 बजे मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने हालात का जायजा लेकर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया और स्थिति को सामान्य किया।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जलता हुआ प्लास्टिक फेंके जाने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
दुकानदारों ने मांगा मुआवजा
घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। इस अग्निकांड ने एक बार फिर बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को उजागर कर दिया है।