Dhurandhar 2 Dialogue: फिल्म धुरंधर 2 का डायलॉग "मेरा बच्चा है तू" इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब ट्रेंड कर रहा है। इस डायलॉग को एक्टर राकेश बेदी ने अपने किरदार "जमील जमाली" के जरिए बोला है, जो लोगों को बहुत पसंद आ रहा है। यह किरदार अपनी सादगी, अपनापन और मजेदार अंदाज की वजह से हर किसी के दिल में बस गया है। राकेश बेदी की कॉमिक टाइमिंग और डायलॉग बोलने का तरीका इतना अच्छा है कि लोग इस डायलॉग पर खूब रील्स और मीम्स बना रहे हैं।
सरकारी कैंपेन में भी हुआ इस्तेमाल
इस डायलॉग की पॉपुलैरिटी इतनी बढ़ गई है कि अब इसे सरकारी विभाग भी अपने कैंपेन में इस्तेमाल कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने सड़क सुरक्षा के लिए लोगों से हेलमेट पहनने की अपील करते हुए मजेदार पोस्ट किया “ये ले, हेलमेट पहन,मेरा बच्चा है तू।”
टूरिज्म प्रमोशन में दिखा नया और मजेदार अंदाज
वहीं राजस्थान टूरिज्म ने इस ट्रेंड का इस्तेमाल करके अपने राज्य की संस्कृति और खाने-पीने की चीजों को मजेदार अंदाज में दिखाया। उत्तर प्रदेश टूरिज्म ने भी इस डायलॉग के जरिए लोगों को अपने ऐप के बारे में बताया, ताकि जानकारी के साथ थोड़ा एंटरटेनमेंट भी मिले।
खाद्य सुरक्षा जागरूकता का अनोखा तरीका
इसके अलावा FSSAI ने भी इसी डायलॉग का इस्तेमाल करके लोगों को असली और मिलावटी खाने की पहचान के बारे में जागरूक किया। "जमील जमाली" का यह डायलॉग अब सिर्फ फिल्म तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों के बीच एक ट्रेंड बन गया है, और अलग-अलग कैंपेन में नए अंदाज में इस्तेमाल हो रहा है।