Dhanbad News: बोकारो जिला के बालीडीह थाना क्षेत्र में रिकवरी एजेंट से हुई लूट कांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। घटना में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल और नगद राशि भी बरामद कर ली गई है।
रिकवरी कर लौट रहे एजेंट से की गई थी लूट
बताया जा रहा है कि कुर्मी डीह क्षेत्र में लोन रिकवरी कर लौट रहे एक एजेंट को आरपीएफ बैरक के पास तीन अपराधियों ने रोक लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट कर पर्स, मोबाइल, ₹2000 नकद और मोटरसाइकिल लूट ली। इतना ही नहीं, बदमाशों ने धमकी देकर यूपीआई का पासवर्ड भी ले लिया और बाद में ₹5300 की निकासी कर ली।
पीड़ित की शिकायत पर बालीडीह थाना मे मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर 12 घंटे के भीतर कांड का खुलासा कर दिया। इस दौरान लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल और ₹3420 नगद बरामद किए गए, साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई।
गिरफ्तार अपराधियों में मुख्य सरगना भैरव यादव शामिल है, जिसके खिलाफ पहले से 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में प्रियांशु कुमार और रोहित कुमार शामिल हैं, जिनका भी आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई ।