Palamu News: जिले में हुए भीषण गैस सिलेंडर विस्फोट की घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. मामले में लापरवाही सामने आने पर पलामू के पुलिस अधीक्षक ने टीओपी-3 प्रभारी सहित वहां तैनात पूरी पुलिस टीम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जन सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
घटना के बाद क्षेत्र की कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रशासन ने तुरंत नई व्यवस्था भी लागू कर दी है. पथरा ओपी के प्रभारी मंटू कुमार को टीओपी-3 का नया प्रभारी बनाया गया है. उन्होंने पदभार संभालते ही इलाके में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं.
जिला प्रशासन भी मामले को लेकर सक्रिय
इधर जिला प्रशासन भी मामले को लेकर सक्रिय हो गया है. उपायुक्त समीरा एस के निर्देश पर अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि इलाके में अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग की जा रही थी और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था.
इन तथ्यों के सामने आने के बाद संबंधित गैस एजेंसी के लाइसेंस को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. प्रशासन ने कहा है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल प्रशासन और पुलिस दोनों मिलकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में जुटे हुए हैं.