Adityapur Municipal Corporation: आदित्यपुर नगर निगम के नए बोर्ड के गठन की प्रक्रिया आज अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है. मेयर और पार्षदों के शपथ ग्रहण के तुरंत बाद, आज उप महापौर (डिप्टी मेयर) पद के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई. इस चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही राजनीतिक सरगर्मी अब अपने चरम पर है.
दो प्रमुख उम्मीदवारों के बीच कड़ा संघर्ष
उप महापौर की कुर्सी के लिए मुख्य मुकाबला अंकुर सिंह और अर्चना सिंह के बीच है. दोनों ही उम्मीदवारों ने पार्षदों के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया है. पिछले कुछ दिनों से पार्षदों की लामबंदी और रणनीतिक बैठकों का दौर जारी था, जिसका परिणाम आज मतपेटियों में बंद हो जाएगा.
प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच मतदान
मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. सुबह से ही निर्वाचित पार्षद मतदान केंद्र पर पहुंचना शुरू हो गए थे. अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित समय पर वोटिंग शुरू की गई, जिसमें सभी 35 वार्ड पार्षदों को अपने मताधिकार का प्रयोग करना है.
मतगणना और परिणामों का इंतजार
मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने के ठीक बाद वोटों की गिनती शुरू की जाएगी. प्रशासन द्वारा मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है, ताकि बिना किसी देरी के परिणामों की घोषणा की जा सके. नवनिर्वाचित मेयर संजय सरदार की मौजूदगी में होने वाले इस चुनाव के नतीजों पर न केवल पार्षदों की, बल्कि पूरे आदित्यपुर शहर की निगाहें टिकी हुई हैं.