Seraikela News: सरायकेला जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक भयानक दुर्घटना होते-होते बची. टाटा-पुरुलिया मार्ग पर लुपुंगडीह गांव के पास गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और कोई बड़ा धमाका नहीं हुआ.
झपकी आने की वजह से बिगड़ा संतुलन
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब सात बजे इंडियन गैस सिलेंडरों से भरा यह ट्रक चांडिल से नीमडीह की तरफ जा रहा था. रास्ते में ट्रक चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वह गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा. ट्रक सड़क के किनारे जाकर पलट गया. हादसे के तुरंत बाद चालक सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा.
हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. नीमडीह थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले सुरक्षा घेरा बनाया. पुलिस ने ट्रक और बिखरे हुए गैस सिलेंडरों को अपनी निगरानी में ले लिया है, ताकि वहां से कोई सिलेंडर गायब न हो और किसी भी तरह की अनहोनी को टाला जा सके.
गैस सिलेंडर से लदे ट्रक के पलटने से इलाके में काफी देर तक डर का माहौल बना रहा. ट्रक के पलटने के दौरान अगर किसी सिलेंडर से रिसाव होता, तो बड़ा धमाका हो सकता था. फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है और क्रेन के जरिए ट्रक को सीधा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.