Bokaro News: बोकारो जिले के चास क्षेत्र में जमीन से जुड़ा एक विवाद सामने आया है, जिसमें सशस्त्र सीमा बल के एक जवान ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है. चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ निवासी बिकास कुमार, जो सशस्त्र सीमा बल में आरक्षी (सामान्य) के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में गृह मंत्रालय के अधीन कोलकाता स्थित इंटेलिजेंस ट्रेनिंग स्कूल में तैनात हैं, ने इस संबंध में प्रशासन को आवेदन सौंपा है.
बिकास कुमार के अनुसार उन्होंने अपनी वर्षों की बचत से 30 मई 2025 को चास के सोलागिडीह निवासी दयाल चन्द्र महतो के प्रतिनिधि और जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी धारक मुकेश कुमार से करीब 49.21 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी. उन्होंने बताया कि जमीन की कुल कीमत का लगभग 80 प्रतिशत भुगतान कर दिया गया है और जमीन पर उनका कब्जा भी है.
आरक्षी का कहना है कि जब उन्होंने उक्त जमीन पर घर निर्माण का कार्य शुरू कराया तो एक व्यक्ति लगभग 10 लोगों के साथ वहां पहुंचा और खुद को जमीन का मालिक बताते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया. आरोप है कि उस दौरान गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई.
बताया गया कि इस घटना की जानकारी मिलने के बाद जमीन विक्रेता मुकेश कुमार ने स्थानीय थाना में घर निर्माण से संबंधित सूचना दी थी. वहीं बिकास कुमार का आरोप है कि जमीन खरीदते समय विक्रेता ने शेष 11 लाख रुपये घर बनने के बाद देने की बात कही थी और इसके लिए उनसे एक खाली चेक लिया गया था. बाद में उस चेक में राशि भरकर बैंक में जमा कर दिया गया, हालांकि खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक क्लियर नहीं हो सका.
उन्होंने यह भी बताया कि जमीन खरीदने के लिए उन्होंने करीब 19 लाख रुपये का ऋण लिया है. जमीन को लेकर उत्पन्न विवाद के कारण वे अपने घर का निर्माण शुरू नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनका परिवार आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना कर रहा है.
बिकास कुमार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है. उनका कहना है कि विवाद सुलझने पर ही वे अपने परिवार को स्थिरता दे पाएंगे और देश सेवा के अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर तरीके से कर सकेंगे.