Jamshedpur: देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों में शुमार XLRI – जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जमशेदपुर ने कामकाजी पेशेवरों के लिए वर्ष 2026–28 सत्र के लिए अपने ब्लेंडेड पीजीडीएम कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन कार्यक्रमों को खास तौर पर ऐसे लोगों के लिए तैयार किया गया है जो नौकरी करते हुए ही उच्च स्तरीय मैनेजमेंट की पढ़ाई करना चाहते हैं। संस्थान की ओर से बिजनेस मैनेजमेंट, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट और फाइनेंस - इन तीन क्षेत्रों में ब्लेंडेड पीजीडीएम कोर्स संचालित किए जाएंगे।
ऑनलाइन क्लास और कैंपस इमर्शन का रहेगा मिश्रण
संस्थान के अनुसार यह दो वर्षीय कार्यक्रम होगा, जिसमें कुल छह टर्म शामिल रहेंगे। पढ़ाई का तरीका ऑनलाइन लाइव क्लास और कैंपस इमर्शन मॉड्यूल के मिश्रण पर आधारित होगा। अधिकांश कक्षाएं सप्ताह के कार्यदिवसों की शाम और सप्ताहांत में आयोजित की जाएंगी ताकि नौकरीपेशा लोग आसानी से इसमें भाग ले सकें। पूरे कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को चार बार एक-एक सप्ताह के लिए XLRI जमशेदपुर कैंपस में इमर्शन प्रोग्राम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। पहला कैंपस इमर्शन 20 से 25 जुलाई 2026 के बीच प्रस्तावित है।
डिजिटल युग के अनुरूप शिक्षा देने की पहल
संस्थान के एसोसिएट डीन प्रो. गिरीधर रामचंद्रन ने बताया कि ब्लेंडेड लर्निंग के माध्यम से XLRI अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता, नैतिक मूल्यों और प्रासंगिक शिक्षा को डिजिटल दौर के साथ जोड़ने का प्रयास कर रहा है। उनका कहना है कि छात्र चाहे देश के किसी भी हिस्से से पढ़ाई करें, लेकिन सीखने की प्रक्रिया पूरी तरह इंटरएक्टिव और मजबूत होगी।
HR, फाइनेंस और बिजनेस मैनेजमेंट पर विशेष फोकस
ब्लेंडेड पीजीडीएम (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट) कार्यक्रम एचआर पेशेवरों को रणनीतिक नेतृत्व की भूमिका के लिए तैयार करने पर केंद्रित है। इसमें एचआर स्ट्रैटेजी, पीपल एनालिटिक्स, टैलेंट मैनेजमेंट, कॉम्पनसेशन एंड रिवार्ड्स, ऑर्गनाइजेशनल डेवलपमेंट और लेबर लॉ जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे।
वहीं ब्लेंडेड पीजीडीएम (फाइनेंस) कोर्स वित्त क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों को उन्नत वित्तीय नेतृत्व के लिए प्रशिक्षित करेगा। इसके पाठ्यक्रम में कॉरपोरेट फाइनेंस, इक्विटी वैल्यूएशन, फिनटेक, डेटा साइंस, इन्वेस्टमेंट बैंकिंग, रिस्क मैनेजमेंट और सस्टेनेबिलिटी फाइनेंस जैसे विषय शामिल किए गए हैं। यह कोर्स सीएफए प्रोग्राम के लगभग 70 प्रतिशत सिलेबस के अनुरूप भी तैयार किया गया है।
क्रॉस-फंक्शनल लीडरशिप पर जोर
तीसरा कार्यक्रम ब्लेंडेड पीजीडीएम (बिजनेस मैनेजमेंट) है, जो विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे पेशेवरों को क्रॉस-फंक्शनल नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देगा। इसमें मार्केटिंग, फाइनेंस, ऑपरेशंस, एचआर, स्ट्रैटेजी और मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम्स जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे। दूसरे वर्ष में विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार स्पेशलाइजेशन चुनने का विकल्प भी मिलेगा.
प्रवेश के लिए ये हैं आवश्यक योग्यता
इन कार्यक्रमों में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक की डिग्री और न्यूनतम तीन वर्ष का कार्य अनुभव होना जरूरी है। चयन प्रक्रिया दो चरणों शॉर्टलिस्टिंग और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर पूरी की जाएगी। आवेदन रोलिंग बेसिस पर स्वीकार किए जा रहे हैं।
फीस में छूट और छात्रवृत्ति की भी व्यवस्था
संस्थान के अनुसार एक कार्यक्रम के लिए आवेदन शुल्क 2000 रुपये रखा गया है, जबकि अतिरिक्त कार्यक्रम के लिए 500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। महिला अभ्यर्थियों, एससी/एसटी, दिव्यांग और पूर्वोत्तर राज्यों के उम्मीदवारों को एक लाख रुपये तक की फीस में छूट देने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा कॉरपोरेट स्पॉन्सरशिप और शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर छात्रवृत्ति भी उपलब्ध कराई जाएगी।
75 वर्षों से प्रबंधन शिक्षा का प्रमुख केंद्र
साल 1949 में स्थापित XLRI को देश के पहले बिजनेस स्कूलों में गिना जाता है। पिछले 75 वर्षों में इस संस्थान ने उद्योग, वित्त और तकनीक सहित कई क्षेत्रों के लिए सक्षम नेतृत्व तैयार किया है। अब ब्लेंडेड लर्निंग मॉडल के जरिए संस्थान उन पेशेवरों को भी उन्नत प्रबंधन शिक्षा का अवसर दे रहा है जो करियर में ब्रेक लिए बिना आगे बढ़ना चाहते हैं।