Ranchi News: रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित मधुकम रोड नंबर-05 से कल शाम लापता हुए चारों बच्चों को पुलिस ने सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है. कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चों को मधुकम इलाके से ही सुरक्षित ढूंढ निकाला. बच्चों की बरामदगी के बाद परिजनों और स्थानीय पुलिस ने राहत की सांस ली है.
बिना बताए घूमने निकले थे बच्चे
परिजनों के अनुसार, ये चारों बच्चे शुक्रवार शाम को घर से बिना किसी को कुछ बताए घूमने के लिए निकले थे. जब काफी देर रात तक बच्चे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों में हड़कंप मच गया. उन्होंने अपने स्तर पर सगे-संबंधियों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन जब बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला, तो मामले की जानकारी सुखदेवनगर थाना को दी गई.
पुलिस की मुस्तैदी ने सुलझाया मामला
मामले की गंभीरता और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कोतवाली डीएसपी ने खुद कमान संभाली. पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी और स्थानीय इनपुट के आधार पर जांच शुरू की. अंततः बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्चे रास्ता भटक गए थे या बिना सूचना दिए अधिक दूर निकल गए थे. पुलिस ने बच्चों की बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया है.