Ranchi News: रांची में हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के घर को लेकर झारखंड राज्य आवास बोर्ड ने जांच शुरू कर दी है. बोर्ड का आरोप है कि जिस भूखंड को केवल आवासीय उपयोग के लिए दिया गया था, उसका इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधि के लिए किया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, धोनी को हरमू इलाके में एच-10 ए नंबर का प्लॉट वर्ष 2006 में उस समय आवंटित किया गया था, जब राज्य में अर्जुन मुंडा की सरकार थी. यह जमीन केवल रहने के उद्देश्य से दी गई थी. लेकिन हाल ही में वहां “न्यूबर्ग सुप्राटेक” नाम की एक पैथोलॉजी लैब संचालित होने की सूचना सामने आई है. इसी आधार पर आवास बोर्ड ने नियमों के उल्लंघन की आशंका जताई है.
महेंद्र सिंह धोनी को आधिकारिक नोटिस जारी किया
आवास बोर्ड ने इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी को आधिकारिक नोटिस जारी किया है. नोटिस में कहा गया है कि उन्हें अपना पक्ष रखने का अंतिम अवसर दिया जा रहा है. यदि तय समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो बोर्ड संबंधित भूखंड के आवंटन को रद्द करने की सिफारिश कर सकता है.
सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड को शिकायत मिलने के बाद मामले की प्राथमिक जांच की गई, जिसमें आवासीय भूखंड पर व्यावसायिक गतिविधि चलने की बात सामने आई. इसके बाद ही नोटिस जारी किया गया.
फिलहाल इस पूरे मामले में धोनी या उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि वे आवास बोर्ड को क्या जवाब देते हैं और आगे क्या कार्रवाई होती है.