Palamu: सदर थाना क्षेत्र के चियांकी में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान सतबरवा थाना क्षेत्र के दुलसुलमा गांव निवासी विमल सिंह के पुत्र मनोज सिंह के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, मनोज पेशे से बुलडोजर चालक था और चियांकी में मिट्टी कटाई का कार्य कर रहा था। बताया जाता है कि काम के दौरान वहां मौजूद ट्रैक्टर चालक भोजन करने चला गया। इसी बीच मनोज ने बुलडोजर छोड़कर मिट्टी से लदे ट्रैक्टर को खुद चलाना शुरू कर दिया।
ट्रैक्टर के नीचे दबने से गंभीर रूप से घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और कुछ ही पलों में पलट गया। वाहन के नीचे दबने से मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज-अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी की एएसआई सुशीला टीयू और पुलिस जवान महेंद्र कुमार वहां पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार में पसरा मातम, गांव में शोक की लहर
हादसे के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर है और लोग इस असमय हुई मौत से स्तब्ध हैं।