Ranchi News: रांची के मनातू स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (CUJ) में मंगलवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने दस्तक दी है. यह कार्रवाई विश्वविद्यालय की स्थापना के शुरुआती वर्षों में हुई भारी वित्तीय अनियमितताओं और नियुक्तियों में कथित धांधली के पुराने मामलों को लेकर की गई है. सीबीआई के अधिकारी यूनिवर्सिटी कैंपस में डेरा डाले हुए हैं और विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण रिकॉर्ड्स को खंगाल रहे हैं.
जांच के घेरे में भवन निर्माण और नियुक्तियां
सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई की यह जांच मुख्य रूप से 2009 से 2014 के बीच के कार्यकाल पर केंद्रित है. जांच टीम विशेष रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर फाइलों की बारीकी से पड़ताल कर रही है:
भवन निर्माण: कैंपस निर्माण के दौरान फंड के आवंटन और खर्च में हुई कथित गड़बड़ी.
अवैध नियुक्तियां: नियमों को ताक पर रखकर की गई प्रशासनिक और शैक्षणिक नियुक्तियां.
फंड का दुरुपयोग: यूनिवर्सिटी के शुरुआती वर्षों में विकास कार्यों के लिए मिले फंड का बेजा इस्तेमाल.
स्थापना काल से ही विवादों में रही है यूनिवर्सिटी
सेंट्रल यूनिवर्सिटी रांची अपनी स्थापना के समय से ही भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विवादों के साये में रही है. पूर्व में भी तत्कालीन कुलपतियों और आला अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगे थे, जिसकी शिकायतें लंबे समय से केंद्रीय जांच एजेंसियों के पास लंबित थीं. बताया जा रहा है कि सीबीआई अब इन फाइलों की धूल झाड़कर दोषियों की पहचान करने में जुटी है.