Ranchi News: रांची के कोकर स्थित गाड़ी गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव झाड़ियों के पास मिला. सुबह टहलने और काम पर जाने निकले लोगों की नजर झाड़ीदार इलाके में पड़े शव पर पड़ी. इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक के सिर और चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया था. शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था. चेहरे की हालत खराब होने के कारण मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है.
रंजिश या है साजिश?
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला हत्या का लग रहा है. आशंका जताई जा रही है कि वारदात आपसी दुश्मनी या किसी सोची-समझी साजिश के तहत की गई हो सकती है. घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक मोटरसाइकिल भी मिली है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक मृतक की है या फिर आरोपियों ने घटना को अंजाम देने में इसका इस्तेमाल किया.
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने के रास्ते का सुराग मिल सके.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है.