Jamshedpur: जमशेदपुर शहर के साकची थाना क्षेत्र स्थित धालभूम क्लब में तेज आवाज में डीजे बजाए जाने की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साउंड सिस्टम जब्त कर लिया। घटना 12 फरवरी की रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है, जब निर्धारित समय सीमा के बाद भी तेज ध्वनि में संगीत बजाया जा रहा था।
शिकायत मिलते ही पहुंची पुलिस टीम
स्थानीय लोगों द्वारा देर रात शोर-शराबे की सूचना दिए जाने के बाद साकची थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले आयोजकों को डीजे बंद करने का निर्देश दिया। हालांकि, आरोप है कि निर्देशों का तत्काल पालन नहीं किया गया। इसके बाद एएसआई प्रवीण लकड़ा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
चार लोगों को बनाया गया आरोपी
मामले में मानगो के शंकोसाई रोड नंबर एक निवासी किशोर प्रसाद, सहारा सिटी मानगो के ऑर्गेनाइजर विशाल म्यूजिक उर्फ विशाल कुमार, गोलमुरी टुइलाडूंगरी लाइन नंबर 4 निवासी डीजे संचालक मुख्तार सिंह तथा जब्त पिकअप वैन को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने मौके से चार पीस डेजी, चार एम्प्लीफायर और एक पिकअप वैन को जब्त किया है।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके आयोजक
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डीजे संचालन से संबंधित वैध कागजात की मांग की गई, लेकिन आयोजक कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। नियमों के मुताबिक शादी, पार्टी या किसी भी समारोह में डीजे रात 10 बजे तक ही बजाने की अनुमति है। इसके बाद तेज ध्वनि में संगीत बजाना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है।
आगे की कार्रवाई जारी
साकची थाना पुलिस ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों का पालन करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर ही कार्यक्रमों का आयोजन करें।