Jharkhand: झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में अगले 24 घंटों के भीतर तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में आज से सर्द हवाओं का असर तेज होगा, जिससे रात के समय ठंड और सुबह के समय कनकनी का एहसास बढ़ जाएगा। इसके साथ ही कई इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार आने वाले पांच दिनों के भीतर झारखंड के न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। खास तौर पर राजधानी रांची में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिलेगा और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे जाने की संभावना जताई गई है।
उत्तर और उत्तर-पश्चिम से चलेंगी सर्द हवाएं
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को रांची समेत राज्य के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए हुए थे, लेकिन अब मौसम साफ होने की उम्मीद है। आसमान साफ होते ही उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली ठंडी हवाएं झारखंड में ठंड को और बढ़ा देंगी। यही वजह है कि आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय तापमान में तेज गिरावट महसूस की जाएगी।
पिछले 24 घंटों के दौरान रांची का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं बुधवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक बना हुआ है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में यह सामान्य से लगभग चार डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है।
सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले पांच दिनों के दौरान रांची और आसपास के इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। कोहरे की वजह से दृश्यता कम होने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। खासकर सुबह जल्दी सफर करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
8 फरवरी तक जारी रह सकता है ठंड का दौर
न्यूनतम तापमान में संभावित 3 से 5 डिग्री की गिरावट के चलते रात के समय ठिठुरन बढ़ेगी और ठंड का असर और तेज होगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह ठंड का दौर आठ फरवरी तक बना रह सकता है। इसके बाद मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है और राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बादल छा सकते हैं।
फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और सुबह-शाम यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।